उत्तरकाशी में बड़ा सड़क हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, पांच की मौत

Estimated read time 0 min read

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहा यात्रियों का वाहन गंगनानी के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि दो अन्य लापता बताए जा रहे हैं। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, वाहन गुरुवार सुबह हिना के पास से गंगोत्री धाम के लिए निकला था। गंगनानी बाजार पार करने के बाद डबरानी की ओर जाते समय अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर नदी और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक नदी किनारे पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि लापता दो लोगों की तलाश की जा रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। साथ ही वाहन में सवार सभी लोगों की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

You May Also Like

More From Author