युवाओं के लिए खुशखबरी, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में 54 पदों पर निकली भर्ती

Estimated read time 1 min read

26 नवंबर तक करें आवेदन

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने सम्मिलित राज्य सिविल (अवर) अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत नायब तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के 54 पदों को भरा जाएगा। आयोग ने छह नवंबर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 26 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती में नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, कर अधिकारी और गन्ना विकास निरीक्षक के पद शामिल हैं। आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी श्रेणी के अभ्यर्थियों को 166.36 रुपये शुल्क जमा करना होगा। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 76.36 रुपये निर्धारित किया गया है।

19 शहरों में होगी प्रारंभिक परीक्षा

लोअर पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा उत्तराखंड के 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग शामिल हैं।

प्रारंभिक परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। इसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा।

मुख्य परीक्षा 600 और साक्षात्कार 75 अंकों का

प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मुख्य परीक्षा में चार प्रश्नपत्र होंगे। पहला प्रश्नपत्र भाषा एवं सामान्य हिंदी का 100 अंकों का होगा। दूसरा प्रश्नपत्र निबंध का होगा, जिसके लिए 100 अंक निर्धारित हैं। इसके अलावा सामान्य अध्ययन प्रथम और सामान्य अध्ययन द्वितीय के प्रश्नपत्र 200-200 अंकों के होंगे।

इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को 75 अंकों के साक्षात्कार से गुजरना होगा।

आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि : 6 नवंबर 2026

आवेदन की अंतिम तिथि : 26 नवंबर 2026

आवेदन पत्र में संशोधन : 3 दिसंबर से 12 दिसंबर 2026

किस पद पर कितनी भर्ती

नायब तहसीलदार : 13 पद

आबकारी निरीक्षक : 4 पद

पूर्ति निरीक्षक : 2 पद

विपणन निरीक्षक : 20 पद

श्रम प्रवर्तन अधिकारी : 5 पद

कर अधिकारी : 5 पद

ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक : 1 पद

गन्ना विकास निरीक्षक : 4 पद

पीसीएस-जे का परिणाम भी घोषित, वंशिका गहलोत ने किया टॉप

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार शाम पीसीएस-जे परीक्षा का परिणाम भी जारी कर दिया। परीक्षा में वंशिका गहलोत ने सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। परिणाम की खास बात यह रही कि सफल घोषित किए गए आठ अभ्यर्थियों में सात बेटियां शामिल हैं। इस उपलब्धि को महिला अभ्यर्थियों की सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

You May Also Like

More From Author