मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया ‘हिमालयन भोजनालय’ का उद्घाटन

Estimated read time 1 min read

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं स्थानीय स्तर पर रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कर रहीं पेश

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की पहल रंग लाने लगी है। इसी कड़ी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘हिमालयन भोजनालय’ की शुरुआत की गई है। शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रीप परियोजना के तहत स्थापित इस वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। यहां स्थानीय और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ यात्रियों को भोजन और नाश्ते की सुविधा मिलेगी।

महिलाओं को मिल रहा रोजगार, बढ़ रही आमदनी

उद्घाटन के दौरान मुख्य सचिव ने सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके कामकाज और आय के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर भोजनालय स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल रहा है। नगुण बैरियर के पास वाहनों के रुकने से भोजनालय में लगातार ग्राहक पहुंचते हैं। वहीं, पास में पार्क होने के चलते शाम के समय टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और नाश्ते का आनंद लेते हैं।

समूह की महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना की मदद से उन्हें इस व्यवसाय को शुरू करने का अवसर मिला। परियोजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग के साथ बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना उद्यम स्थापित कर सकीं। अब भोजनालय को बड़े आयोजनों और अन्य कार्यक्रमों के लिए भी खाने के ऑर्डर मिलने लगे हैं। महिलाएं अपनी क्षमता और मांग के अनुसार इन ऑर्डर को पूरा कर रही हैं।

महिलाओं ने कहा कि इस पहल से उन्हें न केवल रोजगार मिला है, बल्कि अपनी आमदनी बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का रास्ता भी खुला है। इसके लिए उन्होंने सरकार और रीप परियोजना का आभार जताया।

प्रदेशभर में विकसित हो रहे हिमालयन भोजनालय

रीप परियोजना के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में इसी तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। इन केंद्रों को एक समान पहचान देने के लिए ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों से गुजरने वाले यात्रियों को स्थानीय और पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन भी इस तरह के रोजगारपरक मॉडल को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहा है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं, ताकि वे अपनी आजीविका बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे सकें।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

You May Also Like

More From Author