नौ स्थानों पर 4G मोबाइल सेवा शुरू कराने की पहल, सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

Estimated read time 1 min read

सर्वेक्षण पूरा, नौ प्रस्तावित स्थलों पर 4G नेटवर्क को जल्द मंजूरी देने की मांग

हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने अपने संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए पहल की है। उन्होंने नौ प्रस्तावित स्थलों पर 4G मोबाइल सेवाओं के विस्तार से जुड़े लंबित प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने की मांग करते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है।

सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। 4G सेवाएं शुरू होने से स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को बेहतर संचार सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सरकारी सेवाओं और ऑनलाइन कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

इन नौ स्थानों पर 4G सेवा शुरू करने की मांग

सांसद की ओर से भेजे गए प्रस्तावों में रुद्रपुर क्षेत्र के संजय वन और टांडा फॉरेस्ट रेंज, भीमताल क्षेत्र के नलिनी, बेतालघाट क्षेत्र के रतीघाट, कैंची धाम क्षेत्र के ऊंचाकोट (मल्लागांव) और पड़ाली, कोटाबाग क्षेत्र के नाथूनगर, हल्द्वानी क्षेत्र के बिंदुखत्ता तथा किच्छा क्षेत्र के मल्ली देवरिया को शामिल किया गया है।

पत्र के अनुसार, इन सभी नौ स्थलों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और संबंधित प्रस्ताव आवश्यक कार्रवाई एवं स्वीकृति के लिए अग्रसारित किए जा चुके हैं।

डिजिटल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि इन लंबित प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में 4G नेटवर्क उपलब्ध होने से ग्रामीणों को आधुनिक दूरसंचार सुविधाओं का लाभ मिलेगा और डिजिटल सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।

अब इन नौ प्रस्तावित स्थलों पर 4G मोबाइल सेवाओं के विस्तार के लिए स्वीकृति का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद संबंधित क्षेत्रों में नेटवर्क सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो सकेगा।

You May Also Like

More From Author